जोगीपाली में अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, पोकलेन व हाईवा जब्त

कोरबा।जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग को 26 मई 2026 को ग्राम पंचायत जोगीपाली, तहसील बरपाली से रेत खदान क्षेत्र में जेसीबी, हाईवा एवं अन्य भारी मशीनों के माध्यम से अवैध रेत उत्खनन किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और निरीक्षण एवं जांच कार्यवाही की। जांच के दौरान जोगीपाली क्षेत्र में संचालित रेत उत्खनन कार्य, मशीनों एवं संबंधित गतिविधियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया, जिसमें अवैध रूप से रेत उत्खनन किए जाने के तथ्य सामने आए।

कार्यवाही के दौरान मौके से अवैध उत्खनन में प्रयुक्त 01 चैन माउंटेन मशीन (पोकलेन) एवं 01 हाईवा वाहन को जब्त किया गया। जप्त वाहनों एवं मशीनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों तथा प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित संचालकों एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



