भाजपा प्रशिक्षण के दौरान तबीयत बिगड़ी, योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान एक दुखद घटना सामने आई, जब छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण प्रभारी रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस घटना से प्रशिक्षण शिविर में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रूपनारायण सिन्हा को अचानक सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशिक्षण शिविर में मौजूद वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। कार्यक्रम स्थल पर भी कुछ समय के लिए माहौल गमगीन रहा।
रूपनारायण सिन्हा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्व प्रचारक, प्रदेश के पूर्व संगठन मंत्री तथा छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष थे। उन्हें राज्य सरकार द्वारा कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उन्होंने संगठन, समाजसेवा और योग के माध्यम से जनजागरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उनके निधन को भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।



