एसईसीएल के बलगी सबस्टेशन में घुसकर धमकी और केबल लूट मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ाया

कोरबा। थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में हुई केबल लूट/चोरी की गंभीर घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं एक अपचारी बालक को निरुद्ध किया गया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी बांकीमोंगरा निरीक्षक चमन सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को प्रार्थी संजय कुमार लहरे, निवासी जेटीपारा, थाना बांकीमोंगरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 मई की देर रात लगभग 1:30 बजे कुछ अज्ञात आरोपियों ने एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में जबरन घुसकर गाली-गलौच, मारपीट और धमकी देते हुए पाइप, एंगल एवं करीब 100 मीटर केबल (कीमत लगभग 4 हजार रुपये) लूट लिए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 1147/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी अर्जुन सिंह को गिरफ्तार किया तथा एक अपचारी बालक को निरुद्ध किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि लूटा गया केबल फरार आरोपी दीपक केंवट उर्फ अंक के पास है। पुलिस ने आरोपी अर्जुन सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 12 BS 7092) भी जप्त कर ली है।
फिलहाल फरार आरोपी दीपक केंवट उर्फ अंक सहित एक अन्य साथी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी एवं अपचारी बालक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।



