गुरसिया में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आत्मीय स्वागत, ब्लॉक अध्यक्ष भोला गोस्वामी के निवास पर संगठन सशक्तिकरण पर मंथन
कोरबा। जिले के पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसिया में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ब्लॉक अध्यक्ष भोला गोस्वामी के निवास पहुंचे, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
पूर्व मुख्यमंत्री के गुरसिया आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भोला गोस्वामी के निवास पर पहुंच गए और उनका उत्साहपूर्वक एवं आत्मीय स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री प्रशांत मिश्रा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं, विकास कार्यों तथा संगठन विस्तार को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक एकता बनाए रखते हुए आगामी समय में जनता के बीच मजबूती से कार्य करने का संकल्प लिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कुछ समय के लिए भोला गोस्वामी के निवास पर रुके, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा भी की।



