कोरबा में स्टंटबाजों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई: थार जप्त, अन्य वाहन चालकों पर भी कार्रवाई जारी

कोरबा। जिला पुलिस कोरबा ने सड़क पर खतरनाक और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक थार कार को जप्त किया है, जबकि अन्य वाहनों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र अंतर्गत 19 मार्च को घंटाघर ओपन थियेटर मैदान में कुछ वाहन चालकों द्वारा खतरनाक स्टंट करने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।

प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 3(5) एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान CG 11 AA 6166 (स्कॉर्पियो), CG 12 BJ 2975 (बोलेरो), CG 12 BF 3890 (स्विफ्ट) एवं CG 04 NG 8300 (थार) वाहनों की पहचान कर उनके चालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने संबंधित वाहन मालिक का पता लगाकर थार वाहन को जप्त कर लिया है, जबकि अन्य वाहनों की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार जप्ती के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के लापरवाह और खतरनाक कृत्यों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और स्टंट जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई है।



