रानी धनराज कुंवर देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काे करेंगे अपग्रेड, मिलेगी 24×7 सेवा
कोरबा शहर के प्राथमिक स्वास्थ्यण केंद्र को बेहतर अस्पताल बनाने CMHO डाॅ. एसएन केसरी की योजना

काेरबा। शहर के रानी धनराज कुंवर देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही 42×7 चिकित्सा सेवा मिलने लगेगी। क्योंकि नव पदस्थ CMHO डॉक्टर एसएन केसरी ने स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करने की योजना बनाई है। जिसके तहत स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ व संसाधन बढ़ाकर 24 घंटे सेवाएं दी जाएगी। स्वास्थ्य केंद्र में अब तक ओपीडी सेवा मिलती थी। CMHO डाॅ. एसएन केसरी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का पिछले दिनों निरीक्षण किया था जिसके बाद वहां सुविधा बढ़ाने की योजना की ओर बढ़ गए।
तीन शिफ्ट में लगेगी डॉक्टर व स्टाफ की ड्यूटी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काे 24 घंटे चलाने के लिए 3 शिफ्ट में डाॅक्टर व स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाएगी।
पहला शिफ्ट सुबह 8 बजे से दाेपहर 2 बजे तक, दूसरा शिफ्ट दाेपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक व तीसरा शिफ्ट रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक तय किया गया है। केंद्र में पहुंचने वाले प्रत्येक मरीजाें का इलाज होगा। गंभीर केस हाेने पर ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल रिफर किया जाएगा।
सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा भी हाेगी शुरू
अभी तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नार्मल डिलीवरी की ही सुविधा है। लेकिन आगे सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा भी शुरू हाेगी। इसके लिए तैयारी की जा रही है। ऐसा हाेने पर शहर में मेडिकल काॅलेज अस्पताल के अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा मिलेगी।
पुराने शहर की लाइफ लाइन है स्वास्थ्य केंद्र
रानी धनराज कुंवर देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहर के पुराना बस स्टैंड के पास स्थित है। जो एक तरह से पुराने शहर लाइफ लाइन मानी जाती है। पुरानी बस्ती, सीतामणी, माेतीसागरपारा, इमलीडुग्गू के साथ ही उरगा, तरदा समेत आसपास दर्जनों गांव के लाेग बड़ी संख्या में आते हैं। प्रतिदिन करीब 2 साै मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं।

शहर के स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे मिलेगी चिकित्सा सेवा: CMHO
CMHO डाॅ. एसएन केसरी के मुताबिक शहर की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बिल्डिंग व इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर है इसलिए जल्द ही वहां सुविधा बढ़ाते हुए 24×7 सेवा शुरू की जाएगी।
