Uncategorized

नवागांव कटघोरा में एकल अभियान की अंचल कार्य समीक्षा बैठक संपन्न, “राष्ट्र धर्म सर्वोपरि” के साथ आगामी योजनाओं पर बनी रूपरेखा

कोरबा।एकल अभियान कोरबा के अंतर्गत एकल कार्यालय नवागांव कटघोरा में अंचल कार्य समीक्षा–2 की महत्वपूर्ण बैठक अंचल समिति अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में अंचल स्तर पर संचालित सेवा एवं जनजागरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी समय के लिए नई योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्राम स्तर पर संचालित एकल विद्यालयों, सेवा गतिविधियों तथा सामाजिक जागरूकता अभियानों की प्रगति पर चर्चा करते हुए उनके प्रभाव का आकलन किया। साथ ही संगठन के विस्तार और कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर भी मंथन किया गया।

इस अवसर पर अंचल समिति अध्यक्ष अश्वनी मिश्रा, डॉ. गोपाल गोस्वामी एवं मनोज नायडू विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एकल अभियान केवल शिक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त साधना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को “राष्ट्र धर्म सर्वोपरि” के भाव को जीवन में अपनाते हुए सेवा, संस्कार और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक का प्रमुख विषय कार्यकर्ता बजट रहा, जिस पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही तीन संचों में नए संच प्रशिक्षकों की नियुक्ति का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिससे दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में एकल अभियान की गतिविधियों को और अधिक सशक्त किया जा सके।

बैठक के समापन के बाद कार्यकर्ताओं ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मिलन कार्यक्रम भी मनाया। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर अंचल अभियान प्रमुख किताब सिंह पैकरा, वेद प्रसाद यादव, बिसाहू कंवर, रूपलाल, सीता सिंह सहित अनेक संच प्रशिक्षक एवं संच व्यास उपस्थित रहे। बैठक का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा और सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन के सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार देने का संकल्प लिया।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *