Uncategorized

कोरबा के मानिकपुर में चोरों ने सूने मकान को बनाया निशाना: SBI चीफ मैनेजर के घर से लाखों की ज्वेलरी ले उड़े चोर

कोरबा।कोरबा में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। पहले कबाड़ चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी और अब शातिर चोर सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना अंतर्गत मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है, जहां एसबीआई के चीफ मैनेजर के सूने मकान से करीब 5 लाख रुपये की सोने की ज्वेलरी चोरी कर ली गई।
जानकारी के अनुसार, दादर खुर्द मार्ग पर एसईसीएल कर्मी नवनीत नाथ का मकान है, जिसे उन्होंने एसबीआई के चीफ मैनेजर राजू मोदी को किराये पर दिया हुआ है। शुक्रवार सुबह राजू मोदी अपने परिवार के साथ रायपुर गए थे। देर रात करीब 1 बजे जब वे वापस लौटे और ताला खोलकर घर के अंदर पहुंचे, तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था। बेडरूम की खिड़की की रॉड टूटी हुई थी, जिससे चोरी की आशंका हुई।
इसके बाद बैंक मैनेजर ने तुरंत डायल 112 और मानिकपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
कैश और लैपटॉप छोड़ गए, ज्वेलरी ले उड़े
पीड़ित राजू मोदी ने पुलिस को बताया कि घर में करीब 20 हजार रुपये नकद और लैपटॉप जैसे कीमती सामान भी रखे थे, लेकिन चोरों ने उन्हें नहीं छुआ। चोरों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखे चार सोने की चेन, एक लॉकेट, अंगूठी और टॉप सहित करीब 5 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी कर ली।
CCTV में कैद हुई वारदात
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर एक शातिर चोर दीवार फांदकर घर में घुसता हुआ नजर आ रहा है। परिवार के पहुंचने से कुछ समय पहले ही चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *