Uncategorized

मुक्तिधाम में महादेव विराजे, भगवान शिव की 15 फीट ऊंची प्रतिमा का हुआ अनावरण

कोरबा। शहर के मोतीसागर पारा स्थित मुक्तिधाम में अब भगवान शिव के साक्षात दर्शन होंगे। जेसीआई (जेसीज) कोरबा द्वारा जनसेवा की दिशा में एक अनूठी पहल करते हुए मुक्तिधाम परिसर में भगवान शिव की 15 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। रविवार को प्रदेश के श्रम एवं वाणिज्य मंत्री लखन लाल देवांगन ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इस प्रतिमा का अनावरण किया और इसे आम जनता को समर्पित किया। इस मौके पर नगर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित थे।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन भावुक भी हुए। उन्होंने बताया कि जब वे कोरबा के महापौर थे, तब उन्होंने इस मुक्तिधाम के कायाकल्प की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा, “बाद में जब जेसीआई ने इस मुक्तिधाम की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली, तब से यहाँ की व्यवस्था अति उत्तम हो गई है। यहाँ की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण अन्य संस्थाओं के लिए एक मिसाल है।”कार्यक्रम के दौरान जेसीआई कोरबा के वरिष्ठ सदस्य सज्जन अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, सुरेश चौहान, आनंद रैकवार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने जेसीआई द्वारा मुक्तिधाम के प्रबंधन और इस नई पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।

जेसीआई की सेवा भावना को ‘साधुवाद’
जेसीआई कोरबा के संरक्षक एवं वरिष्ठ सदस्य इंजीनियर राज अग्रवाल ने वर्तमान पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था निरंतर जनहित के कार्यों में जुटी रहती है। उन्होंने महाशिवरात्रि के पुनीत अवसर के समीप इस प्रतिमा की स्थापना को एक मील का पत्थर बताया।

शोक संतप्त परिवारों को मिलेगी आत्मिक शांति
मुक्तिधाम वह स्थान है जहाँ लोग अपने प्रियजनों को खोने के गहरे दुख के साथ पहुँचते हैं। जेसीआई कोरबा का उद्देश्य इस परिसर के वातावरण को आध्यात्मिक और शांतिपूर्ण बनाना है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा, “परिसर में स्थापित भगवान भोलेनाथ की यह विशाल प्रतिमा अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजनों को संबल और मानसिक शांति प्रदान करेगी। महादेव का आशीर्वाद उनके कष्टों को कम करने में सहायक होगा।”

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *