साथ जीने-मरने की कसम खाकर प्रेमी ने प्रेमिका के बाद चाकू से रेता खुद का गला, प्रेमी की मौत, प्रेमिका ने बचने के लिए दी डायल 112 को सूचना

कोरबा। प्रेम संबंधों में उपजे तनाव ने एक दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया। युवक ने पहले युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसका गला रेत दिया और फिर खुद भी आत्मघाती कदम उठाते हुए अपना गला काट लिया। इस खौफनाक वारदात में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
यह सनसनीखेज घटना उरगा थाना क्षेत्र के सन्डैल नाला के पास पुल के नीचे की है। जहां सुबह एक युवक और युवती खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। घायल युवती ने अद्भुत साहस दिखाते हुए 112 पर कॉल किया और अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर अपनी लोकेशन भेजी।
सूचना मिलते ही 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घायल युवती बिलासपुर की निवासी है, जबकि मृत युवक शुभम नायडू भी बिलासपुर का ही रहने वाला था और वह शादीशुदा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों बीती रात से लापता थे और सीधे बिलासपुर से कोरबा पहुंचे थे, जिसके बाद यह खून से सनी कहानी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। मृतक युवक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।

