Uncategorized

कलयुगी दत्तक पुत्र: शराब पीने से किया मना तो किया झगड़ा, फिर टांगी मारकर कर दी पिता की हत्या 

काेरबा। जिले के करतला थाना अंतर्गत ग्राम फत्तेगंज के सराईभांठा में रविवार को देर रात पिता की उसके दत्तक पुत्र ने हत्या कर दी। हत्या की वजह शराब पी कर घर आना था। बताया जा रहा है दुलार सिंह कंवर उम्र 50 के बच्चे नहीं हाेने पर उसने 8 साल पहले अपने बड़े भाई राम लाल के बड़े बेटे चंद्र कुमार को गोद लिया। पालन-पोषण के साथ ही उसका विवाह भी कराया। अब दत्तक पुत्र चंद्र कुमार संयुक्त परिवार में रहता है एवं उसके दो बच्चे भी हैं। दुलार सिंह ने कुछ दिन पहले घर पर पूजा पाठ का आयोजन किया था। तब पुजारी को देने के लिए घर पर अलग से चावल रखा था। उसे चन्द्र कुमार बेचकर शराब पी लिया था। दत्तक पुत्र के शराब पीने की लत से दुलार सिंह परेशान था। रविवार देर शाम चंद्र कुमार शराब पीकर घर आया तो पिता ने इस हरकत पर आपत्ति जताई। दोनों के बीच विवाद हो गया और चंद्र कुमार ने दुलार सिंह पर टांगी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलने पर करतला थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश चंद्रवंशी बल समेत घटनास्थल पहुंचे। जहां आरोपी चंद्र कुमार को पकड़ लिया। टांगी काे उसने बाड़ी में छिपा दिया था जिसे बरामद कर लिया गया। हत्या के मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दुलार सिंह के शव को पंचनामा कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया।