कोरबा

पट्‌टा के लिए नहीं हुआ सर्वे एवं राखड़ से नहीं मिली मुक्ति, बालको के दो वार्ड के हजारों महिलाओं ने किया भाजपा प्रवेश

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष नेतृत्व में भाजपा की नीति रीति से प्रभावित होकर भगवा गमछा धारण कर ली भाजपा की सदस्यता

कोरबा। सरकारी जमीन पर मकान बनाकर निवासरत लोगों को कांग्रेस सरकार द्वारा पट्‌टा देने की घोषणा की गई थी। पूर्व में सरकारी व औद्योगिक उपक्रमों की जमीन पर निवासरत लोगों का सर्वे किया गया। आचार संहिता लगने से पहले राज्य सरकार ने पट्‌टा वितरण भी कर दिया। हालांकि सभी वार्डो में सीमित संख्या में पट्‌टा वितरण किया गया। बाकी प्रतिक्षा सूची में बताए गए। बालको नगर के परसाभाठा, नेहरूनगर, लालघाट, बेलगरी बस्ती व आजाद नगर बस्तियों में पट्‌टा मिलना तो दूर सर्वे ही नहीं हुआ। जिसका नतीजा आज बालकोनगर में देखने को मिला। जहां जनसंपर्क के लिए पहुंचे कोरबा विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी लखन लाल देवांगन के सभाओं के दौरान नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल के नेतृत्व में हजारों महिलाओं ने भाजपा की नीति रीति से प्रभावित होकर भगवा गमछा धारण कर भाजपा की सदस्यता हासिल की। लखन लाल देवांगन अपने समर्थकों के साथ बालको नगर पहुंचे थे, जहां वार्ड क्रमांक 40 नेहरू नगर एवं वार्ड क्रमांक 41 परसाभाटा में उन्होंने सभाएं ली। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए वर्तमान सरकार की कमियां गिनायी। वर्तमान विधायक पर खूब बरसे। उन्होंने कहा 15 साल से एक ही व्यक्ति विधायक बन रहा है। लेकिन विधानसभा क्षेत्र में विकास के कार्य नहीं हुए। मेरे महापौर रहते हुए ज्यादा विकास कार्य हुए थे। जगह-जगह सड़के, नालियां, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हमने की। लखनलाल देवांगन ने आगे कहा कि कांग्रेस के विधायक ने भ्रष्टाचार कर 15 साल में अरबों करोड़ों रुपए की संपत्ति एकत्रित कर ली, कई सौ एकड़ जमीन खरीद लिए। इस बार जन बल का समर्थन कर कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें। सभा के दौरान नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने कहा कि लखन लाल देवांगन जब महापौर थे तब उनके द्वारा हर क्षेत्र में विकास के कार्य से कोरबा को नई पहचान मिली इस बार भाजपा ने कोरबा को एक ऐसा प्रत्याशी दिया है, जो कि भले ही आर्थिक रूप से कमजोर हो परंतु स्वभाव और अपनी कार्यशैली से ईमानदार है। इसलिए आप सभी से आग्रह है की कमल छाप पर बटन दबाकर भाजपा को विजयी बनाएं।