Uncategorized

गोल्ड में झांसा: 18 कैरेट को 22 कैरेट बताकर बेचते और गोल्ड लोन लेते थे आरोपी, ग्रामीण को खपाया तो पकड़े गए अंतरराज्यीय गिरोह के 4 सदस्य

45 हजार रुपये में 18 कैरेट का लॉकेट 22 कैरेट बताकर बेचने का मामला उजागर, सोने के आभूषण, नकदी, डिजिटल तौल मशीन और कार जब्त

कोरबा। सोने की शुद्धता के नाम पर लोगों को धोखा देकर आर्थिक लाभ कमाने के कथित खेल का कोरबा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कम कैरेट के सोने के आभूषणों को 22 कैरेट का बताकर बेचने और विभिन्न गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर ऋण प्राप्त करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 18 और 20 कैरेट के सोने के आभूषणों को 22 कैरेट बताकर लोगों को बेचते थे। इसके अलावा विभिन्न वित्तीय संस्थाओं में आभूषण गिरवी रखकर भी आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, नकदी, डिजिटल तौल मशीन, बैंक जमा पर्ची और घटना में प्रयुक्त हुंडई आई-10 कार जब्त की है। चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

45 हजार रुपये में बेचा 18 कैरेट का लॉकेट

मामले के अनुसार, थाना सिविल लाइन रामपुर में संजय श्रीवास (46 वर्ष), निवासी ग्राम कोरबी धतुरा, थाना हरदीबाजार ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव के इंद्रेश साहू ने अपने पास 3.75 ग्राम वजन का 22 कैरेट सोने का लॉकेट होना बताया था। इसकी कीमत करीब 49 से 50 हजार रुपये बताते हुए 45 हजार रुपये में बेचने की बात कही गई।

इसके बाद 28 अक्टूबर 2026 को इंद्रेश साहू अपने साथियों के साथ सफेद रंग की कार से घंटाघर कोरबा पहुंचा और संजय श्रीवास से 45 हजार रुपये लेकर लॉकेट दे दिया। बाद में प्रार्थी ने लॉकेट की जांच दिव्य ज्वेलर्स में कराई। जांच में लॉकेट के 22 कैरेट के बजाय 18 कैरेट का होने की जानकारी मिली। इसके बाद प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ में सामने आया गिरोह का तरीका

शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 908/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी से प्राप्त सोने के लॉकेट को गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी इंद्रेश कुमार साहू को उसके तीन अन्य साथियों के साथ घटना में प्रयुक्त आई-10 कार सहित पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ और उनके मेमोरेंडम कथनों में सोने के आभूषणों की खरीद-बिक्री तथा विभिन्न गोल्ड लोन संस्थाओं में उन्हें गिरवी रखकर ऋण प्राप्त करने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि आरोपी 18 अथवा 20 कैरेट शुद्धता वाले आभूषणों को 22 कैरेट का बताकर प्रस्तुत करते थे। इस तरह लोगों को आभूषण बेचने के साथ-साथ वित्तीय संस्थाओं से ऋण प्राप्त कर आर्थिक लाभ कमाया जाता था और रकम का आपस में बंटवारा किया जाता था।

जांच के दौरान मणप्पुरम फाइनेंस, जना बैंक, आईएफएल सहित अन्य वित्तीय संस्थाओं में सोने के आभूषण गिरवी रखने और ऋण प्राप्त करने से जुड़े तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस इन सभी लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है।

सोने के आभूषणों सहित कार और नकदी जब्त

29 अक्टूबर 2026 को आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में अलग-अलग आरोपियों से सामग्री जब्त की।

  • इंद्रेश कुमार साहू: 2,100 रुपये नकद और 40 हजार रुपये की एसबीआई एटीएम डिपॉजिट पर्ची।
  • लिलेश्वर सिन्हा: 1,000 रुपये नकद।
  • मनीष देवांगन: घटना में प्रयुक्त हुंडई आई-10 कार क्रमांक CG05AE-8013।
  • आशीष गर्ग उर्फ आशु: दो सोने के लॉकेट वजन 7.89 ग्राम, दो जोड़ी सोने की झुमकी वजन 13.40 ग्राम (20 कैरेट), दो महिला अंगूठियां वजन 6.54 ग्राम (20 कैरेट), एक पुरुष अंगूठी वजन 3.80 ग्राम और एक बैटरी चलित ग्रे रंग की मिनी डिजिटल तौल मशीन।

कोरबा, रायपुर और दिल्ली से जुड़े आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें इंद्रेश कुमार साहू उर्फ हरिओम (31 वर्ष), निवासी ग्राम कोरबी धतुरा, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा; लिलेश्वर सिन्हा (52 वर्ष), निवासी पार्वती नगर, गुढ़ियारी, जिला रायपुर; मनीष देवांगन उर्फ राहुल (47 वर्ष), निवासी सुंदरनगर, थाना डीडी नगर, जिला रायपुर तथा आशीष गर्ग उर्फ आशु (29 वर्ष), निवासी गौतम कॉलोनी, नरेला, नार्थ वेस्ट दिल्ली शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चारों आरोपियों को 29 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

अन्य वित्तीय लेन-देन की जांच जारी

पुलिस अब सोने के आभूषणों के वास्तविक स्रोत, उनकी शुद्धता, हॉलमार्क की प्रमाणिकता, गोल्ड लोन कंपनियों में किए गए लेन-देन और इस मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।

कोरबा पुलिस के अनुसार, प्रकरण में विवेचना जारी है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *