वीआईपी रोड पर हिट एंड रन: घायलों में पथर्रीपारा क्षेत्र के दो लोगों की मौत

कोरबा। शहर के वीआईपी रोड पर कल रात हिट एंड रन केस में पथर्रीपारा क्षेत्र के 2 लोगों की मौत हो गयी है। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल है। हादसे को अंजाम देने वाला स्विफ्ट कार का चालक राहुल यादव, जो नशे की हालत में और तेज रफ्तार व लापरवाही से गाड़ी चला रहा था, वह पुलिस गिरफ्त में है। हादसे के बाद, आक्रोशित भीड़ ने कार चालक राहुल यादव की जमकर पिटाई की, जिसे पुलिस ने मशक्कत के बाद भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। वीआईपी रोड पर रात लगभग 10 बजे इंदिरा चौक के आगे पार्षद निवास के सामने कार ने एक मोपेड को ठोकर मारी थी जिसमें 75 साल के मोहम्मद इसराइल एवं बुधवारी के बाद बाइक को चपेट में लेने पर 45 साल के छोटेलाल साहनी की मौत हुई है, दोनों मृतक पथर्रीपारा क्षेत्र के रहने वाले थे। एक बाइक में सवार बच्ची पहले कार के बोनेट में फंस गई थी जो रास्ते में फेंकाकर नाली में गिरी जिससे उसकी जान बच गई। इसी तरह साइकिल सवार भी बच गया। इस घटना के बाद से ही कोरबा शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर अधिक से अधिक कार्यवाही करने की अपील की है।
