Uncategorized

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 1320 मेगावॉट सुपर क्रिटिकल पॉवर स्टेशन की रखी आधारशिला, कोरबा मेडिकल कालेज के नए भवन का भूमिपूजन

विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. चरणदास महंत की मांग पर मुख्यमंत्री ने की नया पावर प्लांट काे स्व. राजीव गांधी के नाम से रखने की घाेषणा, 12 हजार 915 करोड़ की अनुमानित लागत से तैयार होगा प्लांट व 124 एकड़ में 325 करोड़ की लागत से बनेगा स्व. बिसाहूदास महंत मेमोरियल मेडिकल काॅलेज

काेरबा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाई प्रदान करने के लिए आज घंटाघर मैदान में आयाेजित कार्यक्रम के दाैरान कोरबा जिले में 1320 मेगावाट के सुपर क्रिटिकल थर्मल पॉवर स्टेशन का शिलान्यास किया। इस माैके पर उन्हाेंन कहा कि उक्त पावर प्लांट 12 हजार 915 करोड़ की अनुमानित लागत से तैयार हाेगा। वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता 2978.7 मेगावाट है। राज्य स्थापना के समय उत्पादन क्षमता 1360 मेगावाट थी। वर्तमान में छत्तीसगढ़ जीरो पॉवर कट स्टेट बना हुआ है। प्रदेश में तेज गति से हो रहे आर्थिक विकास से बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए कोरबा में 660-660 मेगावाट की दो नई इकाइयों की स्थापना की जा रही है। 1320 मेगावाट का यह सुपर क्रिटिकल थर्मल पॉवर स्टेशन प्रदेश का सबसे बड़ा और आधुनिक संयंत्र होगा। इससे एक ओर प्रदेश बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर होंगा वहीं दूसरी ओर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसी तरह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिले को एक बड़ी सौगात देते हुए स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति मेडिकल काॅलेज कोरबा के नए भवन की नींव रखी। अभी काॅलेज उधार की बिल्डिंग में चल रहा है। जहां सत्र 2022-23 के लिए एमबीबीएस की 100 सीट की प्रथम मान्यता दिनांक 09 सितंबर 2022 को प्राप्त हुई। वर्तमान में इस महाविद्यालय में 121 छात्र-छात्राएं मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। चिकित्सा महाविद्यालय में 23 विभागों में लगभग 130 चिकित्सक कार्यरत है। काॅलेज संबद्ध इंदिरा गांधी चिकित्सालय कोरबा में 357 बिस्तर का चिकित्सालय संचालित है, जिसमें विभिन्न प्रकार के जटिल रोगों का ईलाज हो रहा है। पूर्व में बेहतर ईलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब जटिल से जटिल बीमारियों का उपचार मेडिकल कॉलेज कोरबा में हो रहा है।

एक नजर नए पावर प्लांट व मेडिकल काॅलेज भवन की तैयारी पर 

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने 25 अगस्त 2022 को इस संयंत्र की स्थापना का निर्णय लिया था। जिस पर तेज गति से कार्य करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी ने आवश्यक अनुमति एवं स्वीकृतियां प्राप्त की। संयंत्र में 660 मेगावाट की एक इकाई से साल 2029 और 660 मेगावाट की दूसरी इकाई से साल 2030 तक बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। नए संयंत्र की स्थापना पुराने एचटीपीएस परिसर के रिक्त भूमि 71 हेक्टेयर में होगी। मेडिकल काॅलेज के नए भवन निर्माण के लिए कोरबा जिले के ग्राम भुलसीडीह, तहसील-भैंसमा में 124.24 एकड़ भूमि का आवंटन किया गया है। इसके निर्माण के लिए 325 करोड का बजट स्वीकृत किया गया है। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कोरबा का उद्घाटन दिनांक 02 मार्च 2021 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया गया था।