Uncategorized

भव्य कलश यात्रा के साथ शिव महापुराण कथा व रूद्र महायज्ञ का शुभारंभ

कोरबा। शहर के निहारिका क्षेत्र अंतर्गत रविशंकर नगर में धर्म, आस्था और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण के बीच भव्य कलश यात्रा के साथ श्री शिव महापुराण कथा एवं रूद्र महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की ऐतिहासिक भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर कपिलश्वर शिव मंदिर से निहारिका साडा स्थित शिव मंदिर तक नगर भ्रमण पर निकले। यात्रा के दौरान जयकारों, भजन-कीर्तन, बैंड-बाजा और ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा और पूरा नगर भगवान शिव की भक्ति में डूबा नजर आया।
कलश यात्रा के समापन पश्चात आयोजन स्थल पर श्रीमद्भागवत एवं श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अयोध्या से पधारे प्रख्यात कथा वाचक श्री हनुमान दास जी ने भगवान शिव की महिमा, भक्ति, वैराग्य तथा मानव जीवन में धर्म और सदाचार के महत्व पर भावपूर्ण प्रसंग सुनाए। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति में लीन दिखाई दिए।
आयोजन को सफल बनाने में कपिलश्वरनाथ महिला मंडल सेवा समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। समिति की संरक्षिका श्रीमती सुधा झा ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शिव महापुराण कथा एवं रूद्र महायज्ञ में सहभागी बनकर कथा श्रवण करने और धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *