Uncategorized

अंजनीकुंज में 30 लाख की लागत से बना डोम जनसेवा को समर्पित, मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया लोकार्पण

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास रोड स्थित अंजनीकुंज में नवनिर्मित डोम का लोकार्पण आज प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में किया गया।
नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 28 स्थित श्रीवास नाई समाज भवन परिसर में 30 लाख रुपए की लागत से डोम शेड का निर्माण कराया गया है, जिसे आज जनसेवा के लिए समर्पित किया गया। मंत्री देवांगन और महापौर राजपूत ने लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर फीता काटकर डोम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर समिति द्वारा निर्मित कार्यालय भवन एवं व्यवसायिक परिसर का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, लक्ष्मण श्रीवास, मुकुंद सिंह कंवर, समिति अध्यक्ष मोहनलाल श्रीवास, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ की सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कोरबा के विकास में सभी समाज की अहम भूमिका — मंत्री देवांगन
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा ने एक छोटे ग्राम पंचायत से ऊर्जा नगरी तक का लंबा सफर तय किया है, जिसमें सभी समाजों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने श्रीवास समाज की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है और विकास की गति लगातार तेज हो रही है।

जनसुविधाओं पर निगम का विशेष फोकस — महापौर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डोम निर्माण से सामाजिक कार्यक्रमों, सभाओं और आयोजनों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन में निगम क्षेत्र का विकास निरंतर जारी है।
समाज ने किया स्वागत, पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
कार्यक्रम में श्रीवास नाई सामाजिक कल्याण समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। समाज के लोगों ने अतिथियों का शाल-श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया। मंत्री देवांगन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *