कुसमुंडा में 3 साल से अधूरा पड़ा है ओवरब्रिज व फोरलेन सड़क का निर्माण, चक्काजाम आज

आधे-अधूरे कार्य की वजह से इमलीछापर चौक के पास लगता है जाम, राहगीर परेशान
पार्षद के साथ स्थानीय व्यापारी व लोगों ने की कार्य शुरू होने तक आंदोलन की तैयारी
कोरबा। कुसमुंडा के इमलीछापर चौक पर 3 साल से ओवरब्रिज व फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है। इस कारण क्षेत्र में जाम लगने की वजह से लंबे समय से लोग परेशान है। निर्माण शुरू करने की मांग को लेकर पार्षद समेत स्थानीय व्यापारी व आमजन मंगलवार से अनिश्चितकालीन चक्काजाम करेंगे।

एसईसीएल के सीएसआर फंड की मदद से प्रशासन द्वारा कुसमुंडा क्षेत्र में विकास के लिए सर्वमंगला चौक से इमलीछापर चौक होते हुए कुचैना मोड़ तक बनाए जा रहे फोरलेन सड़क का निर्माण इमलीछापर चौक के पास करीब 3 साल से अटका पड़ा है। इसी तरह इमलीछापर रेलवे फाटक की झंझट से मुक्ति दिलाने के लिए बन रहे ओवरब्रिज का काम भी अधूरा पड़ा है। सड़क निर्माण नहीं होने से इमलीछापर चौक से लेकर कुचैना मोड़ तक पुरानी सड़क बदहाल हो चुकी है, जहां जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं। इस कारण उक्त दूरी के बीच दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं ओवरब्रिज नहीं बनने से इमलीछापर चौक से कुसमुंडा थाना चौक की ओर आवाजाही के लिए लोगों को रेलवे फाटक पर देर तक फंसना या फिर लंबी दूरी तय करके वैकल्पिक मार्ग से गुजरना पड़ता है।

इस वजह से क्षेत्रवासियों के साथ ही गेवरा-दीपका, बांकीमाेंगरा व हरदीबाजार समेत शहर की ओर से आवाजाही करने वाले राहगीर भी परेशान हो रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग के बाद भी रूका हुआ ओवरब्रिज व फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य पुन: शुरू नहीं होने की वजह से अब लोगों का आक्रोश बढ़ गया है। जिसके चलते विकासनगर वार्ड की पार्षद गीता गभेल के नेतृत्व में मंगलवार से स्थानीय व्यापारी व आमजन इमलीछापर चौक पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम पर बैठेंगे। जिला प्रशासन को पूर्व सूचना देने के बाद सोमवार को स्थानीय व्यापारियों व आमजन की बैठक में
आंदोलन की तैयारी की गई। कुसमुंडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर के मुताबिक हर बार प्रशासन आश्वासन देकर भूल जाता है, इसलिए इस बार कार्य शुरू होने तक आंदोलन किया जाएगा, क्योंकि आगे बारिश में परेशानी और बढ़ जाएगी।
ठेका कंपनी सरेंडर के बाद से बंद है सड़क निर्माण
एसईसीएल द्वारा 6 साल पहले सीएसआर से सर्वमंगला चौक से ईमलीछापर चौक होते कुचैना मोड़ तक फोरलेन व सर्वमंगला चौक से तरदा व हरदीबाजार से तरदा तक टू-लेन बनाने के लिए 199 करोड़ रुपए जारी किया गया था। जिसके बाद लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से सर्वमंगला चौक से इमलीछापर चौक होते कुचैना मोड़ तक करीब 6 किमी लंबी फोरलेन सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण नागपुर की ठेका कंपनी एसएमएस लिमिटेड द्वारा किया गया। लेकिन कुचैना की ओर खंभों की शिफ्टिंग में देरी व हरदीबाजार-तरदा सड़क निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण अटकने के कारण ठेका कंपनी ने अधूरे काम के बीच सरेंडर कर दिया, जिसके बाद करीब 2 साल से सड़क निर्माण अटका हुआ है।
मकान हटे, 9 माह बाद भी ओवरब्रिज निर्माण अटका
फोरलेन सड़क निर्माण के बीच इमलीछापर चौक के पास रेलवे फाटक की वजह से लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए एसईसीएल के सहयोग से ओवरब्रिज निर्माण शुरू हुआ। कार्य राईट्स द्वारा कराया जा रहा है। विकासनगर की ओर शिव मंदिर चौक की ओर से इमलीछापर चौक के हिस्से तक ओवरब्रिज का निर्माण किया गया लेकिन दूसरी छोर पर इमलीछापर रेलवे फाटक से थाना चौक की ओर कार्य नहीं हुआ। राईट्स ने इमलीछापर फाटक के पास बेजाकब्जा कर बने मकान को अड़चन बताते हुए 2 साल पहले काम रोक दिया था। 9 माह पहले प्रशासन ने सख्ती के साथ बारिश के बीच मकान खाली कराकर उन्हें तोड़कर बेजाकब्जा हटा दिया। लेकिन इसके बाद भी ओवरब्रिज का निर्माण शुरू नहीं हुआ है।



