हिंदू नव वर्ष में फोर व्हीलर से शहर में स्टंटबाजी पड़ी भारी, जब्त हुए वाहन और हुई आरोपियों की गिरफ्तारी
कोरबा। जिले में खतरनाक व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ जिला पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। हिंदू नववर्ष के दौरान शहर में फोर व्हीलर से स्टंटबाजी करने वाले युवकों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए एक थार वाहन सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में सड़क सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में 19 मार्च को घंटाघर ओपन थिएटर मैदान में कुछ वाहन चालकों द्वारा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की शिकायत मिली थी, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो रहा था।

मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281, 3(5) एवं मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 184 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जांच के दौरान स्कॉर्पियो (CG 11 AA 6166), बोलेरो (CG 12 BJ 2975), स्विफ्ट (CG 12 BF 3890) और थार (CG 04 NG 8300) के चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने थार वाहन (CG 04 NG 8300) को जब्त कर लिया है। जांच में वाहन चालक रामकृष्ण साहू निवासी डेंगू नाला तथा वाहन स्वामी नंदूलाल साव निवासी दर्री पाया गया। अन्य वाहनों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा हिमांशु बैरागी, मुकेश कुमार बैगा और रामकिशन साहू के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 170 एवं 126/135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



