कोरबा के मुड़धुवा गांव में महिला की हत्या, चरित्र शंका में पति ने पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के मुड़धुवा गांव में एक महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र शंका को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही बालको थाना की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी युवराज तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और चरित्र शंका को घटना का कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, दंपति के बीच पहले भी विवाद होते रहे थे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।



