दर्दनाक हादसा…पूजा के लिए फूल ताेड़कर लाैट रहा था ग्रामीण, हाईटेंशन लाइन की तार टूटकर गिरी ताे बाइक समेत जला
सेंद्रीपाली गांव में 11केवी के हाई वाेल्टेज करंट के कारण जलने से हुई माैत, ग्रामीणाें ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आराेप

काेरबा। घर में पूजा करने के लिए फूल ताेड़कर माेटर साइकिल में लाैट रहा ग्रामीण रास्ते में 11 केवी की बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से चपेट में आ गया। चिंगारी उठने पर बाइक में आग लगी ताे वह भी साथ जल गया। माैके पर ही उसकी माैत हाे गई।
यह दर्दनाक हादसा कोरबा जिले में करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेन्द्रीपाली गांव के रास्ते पर हुआ। जयवीरू न्यूज काे मिली जानकारी के अनुसार नोनबिर्रा के पास सेन्द्रीपाली में निवासरत ताराचंद अग्रवाल आज सुबह पूजा करने के लिए फूल तोड़ने माेटरसाइकिल में गया था। जहां से लाैटते समय रास्ते से गुजरी 11 केवी की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उसके ऊपर गिरा। मानसून के आगमन के साथ बारिश हाेने से नीचे जमीन गीली थी ऐसे में तार काे अर्थ मिल गया जिससे शार्ट-सर्किट हाेते ही चिंगारी उठी और माेटरसाइकिल में जलने लगी। करंट लगने से ताराचंद झुलस गया इसलिए वह भाग नहीं सका। माेटरसाइकिल के साथ जलकर उनकी दर्दनाक माैत हाे गई।

इस घटना से ग्रामीणों मे विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त हाे गया है। ग्रामीणाें ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि कई बार तार के लटके होने की सूचना विभाग को दी गई थी लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उनकी लापरवाही के कारण अंततः एक व्यक्ति की जान चली गई। ग्रामीणों ने मामले में लापरवाह व दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करने की मांग करतला पुलिस से की हैं।
