Uncategorized

लापरवाह ट्रैक्टर चालक ने मारी ठोकर तो दादा-पोते की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

मोतीसागर पारा रेत घाट से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पूर्णत: बंद कराने की मांग पर अड़े लोग

कोरबा। मोतीसागर पारा से अवैध रेत-मिट्टी परिवहन में लगे ट्रैक्टर के चालक ने स्टेशन रोड पर तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे जा रहे दादा एवं 3 वर्षीय पोते को ठोकर मार दिया। दुर्घटना में दादा-पोते दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए जिन्होंने पार्षद सुफल दास के नेतृत्व में चक्काजाम कर दिया।

सिटी कोतवाली के सीतामणी राम-जानकी मंदिर के पास आज सुबह उक्त हादसा हुआ। सीतामणी निवासी वृद्ध विष्णुदेव ताती अपने पोते 3 वर्षीय चिराग ताती को लेकर सुबह घूमने के लिए निकला हुआ था। जिन्हें राम मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने चपेट में ले लिया। दोनों दादा पोते गंभीर रूप से घायल हो गए जिसमें पोते की मौके पर ही मौत हो गई दादा को मेडिकल कॉलेज हास्पिटल ले जाया गया। शरीर से ज्यादा खून बह जाने के कारण उन्हें नहीं बचाया जा सका। घटना का पता चलते ही क्षेत्र के लोग आक्रोशित हो गए कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग सीतामणी तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। क्षेत्र के पार्षद सुखल दास के नेतृत्व में मृतक दादा पोते के परिजन व स्थानीय लोग बीच सड़क पर बैठ गए। परिवार को पर्याप्त मुआवजे के साथ ही मोतीसागर पारा रेत घाट से अवैध रेत परिवहन को पूरी तरह बंद करने की मांग पर अड़ गए। चक्का जाम से आवाजाही बारिश हो गई। सिटी कोतवाली टीआई रूपक शर्मा समेत आसपास थाना व चौकी के प्रभारी समेत स्टाफ मौके पर पहुंचे। एसडीएम सीमा पात्रे व तहसीलदार मुकेश देवांगन भी मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने लोगों से चर्चा की। लेकिन लोग कलेक्टर के मौके पर आने पर ही चर्चा हुआ लिखित आश्वासन पर चक्का जाम समाप्त करने की बात कहते रहे। दोपहर तक चर्चा का कोई परिणाम नहीं आया और चक्काजाम समाप्त नहीं हो सका है।

दोनो दिशाओं में वाहनों की लगी लम्बी कतार
सीतामणी में चक्का जाम होने से स्टेशन रोड, कोरबा शहर और चांपा जाने वाले मार्ग पर वाहन फस गए जिससे दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटों तक फंसने के बाद लोग अन्य वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करने को मजबूर हुए।