ट्रांसमिशन लाइन में अर्थ फाल्ट से डीएसपीएम में ब्लेक आउट
एचटीपीपी की दो इकाई भी हुई ट्रिप, जनरेशन कंपनी के उत्पादन में भारी कमी, सेंट्रल सेक्टर पर बढ़ा रहा दबाव

कोरबा। सोमवार की अपरान्ह छुरी के समीप पावर ग्रिड के ट्रांसमिशन लाइन में अर्थ फाल्ट की वजह से उत्पादन कंपनी के संयंत्र की चार इकाइयों से बिजली उत्पादन शून्य हो गया। डीएसपीएम में चार घंटे ब्लेक आउट की स्थिति बनी रही। वहीं एचटीपीपी में पांच घंटे बाद बंद दोनों इकाइयों को चार्ज किया जा सका। इस बीच उत्पादन कंपनी के कोटे से बिजली उत्पादन में भारी कमी आ गई। बिजली की डिमांड पूरा करने सेंट्रल सेक्टर पर भारी दबाव रहा। इकाइयों के चार्ज होने तक लगभग 3000 मेगावाट तक बिजली लेनी पड़ी।
कटघोरा अंतर्गत छुरी में पावर ग्रिड की ट्रांसमिशन लाइन से विभिन्न क्षेत्रों में बिजली की सप्लाई की जाती है। सोमवार की अपरान्ह लगभग 3.30 बजे 220केवी के ट्रांसमिशन लाइन में अर्थ फाल्ट आ गया। जिसका असर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के कोरबा स्थित एचटीपीपी दर्री व डीएसपीएम संयंत्र पर पड़ा। अर्थ फाल्ट के कारण आए जर्क की वजह से दोनों संयंत्रों की इकाइयों से उत्पादन बंद हो गया। एचटीपीपी की 210-210 मेगावाट की इकाई क्रमांक एक और दो से उत्पादन बंद हो गया। वहीं बुधवारी स्थित डीएसपीएम संयंत्र की 250-250 मेगावाट की दोनों इकाई ट्रिप हो गई। जिससे संयंत्र का उत्पादन शून्य हो गया। इकाइयों के अचानक बंद हो जाने से राज्य उत्पादन कंपनी और ट्रांसमिशन के अफसरों में हड़कंप मच गया। जिस दौरान इकाइयों से उत्पादन बंद हुआ प्रदेश में बिजली की डिमांड लगभग 3940 मेगावाट से अधिक थी। वहीं उत्पादन कंपनी के 4 इकाइयों से उत्पादन शून्य होने के कारण 2840 मेगावाट क्षमता के मुकाबले महज 1000 मेगावाट तक उत्पादन हो रहा था। जिसकी वजह से प्रदेश में बिजली की डिमांड पूरा करने सीजी सेंट्रल सेक्टर से 2870 मेगावाट से अधिक बिजली लेनी पड़ रही थी। सेंट्रल सेक्टर पर पड़ रहे भारी दबाव को देखते हुए संयंत्र प्रबंधन के अफसर जल्द से जल्द इकाइयों को चार्ज कर उत्पादन में लाने की कवायद में जुटे रहे। जिसमें 4 घंटे बाद एचटीपीपी की एक इकाई को लाइटअप कर उत्पादन में लाया गया। वहीं लगभग 5 घंटे बाद डीएसपीएम की भी बंद दोनों इकाई के उत्पादन में लौट जाने से अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
उपलब्धता से ज्यादा बनी रही डिमांड
4 इकाइयों के साथ ट्रिप हो जाने और मड़वा की एक इकाई वार्षिक रखरखाव के लिए बंद होने के कारण उत्पादन कंपनी से काफी कम बिजली पैदा हो रही थी। इस दौरान जहां बिजली की डिमांड 3938 मेगावाट रही तो इसके मुकाबले 3833 मेगावाट बिजली की उपलब्धता बनी रही। हालांकि पिकलोड अवर के बाद डिमांड में कमी आने और बंद इकाइयों से उत्पादन शुरू होने के बाद उपलब्धता बढ़ती गई।
एमडी आज करेंगे दौरा
पदस्थापना के बाद पहली बार राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के प्रबंधक निदेशक एसके कटियार का दौरान मंगलवार को कोरबा में होने वाला है। इससे पूर्व वे एचटीपीपी दर्री में बतौर मुख्य अभियंता सेवाएं दे रहे थे। मंगलवार को वे एचटीपीपी और डीएसपीएम संयंत्र का निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों की बैठक लेंगे।
ट्रिपिंग के दौरान यह रही इकाइयों की स्थिति
संयंत्र क्षमता उत्पादन
एचटीपीपी 1340 665
डीएसपीएम 500 00
मड़वा 1000 395
बांगो 120 00
(क्षमता व उत्पादन मेगावाट में)
ट्रांसमिशन कंपनी के हाईटेंशन लाइन में आए फाल्ट के कारण हुए जर्क से दोनों इकाई से उत्पादन बंद हो गया था। दोनों इकाइयों से उत्पादन शुरू कर लिया गया है। स्थिति सामान्य है।
बीडी बघेल, मुख्य अभियंता डीएसपीएम
छुरी के ट्रांसमिशन लाइन की वजह से आए जर्क के कारण संयंत्र की इकाई क्रमांक एक और दो से उत्पादन बंद हो गया था। जल्द ही इकाइयां उत्पादन में आ गई।
कमलेश डोंगरे, प्रभारी मुख्य अभियंता एचटीपीपी
