बालको की प्रयोगशाला को बीआईएस की मान्यता, आठ भारतीय मानकों पर मिली स्वीकृति
आठ प्रमुख एल्युमिनियम उत्पाद श्रेणियों का भी हुआ पुनःप्रमाणीकरण, गुणवत्ता और तकनीकी क्षमता को मिली नई पहचान
कोरबा। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) को भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की लेबोरेटरी रिकग्निशन स्कीम (एलआरएस) के तहत अपनी प्रयोगशाला के लिए मान्यता प्राप्त हुई है। यह मान्यता बालको की प्रयोगशाला की तकनीकी दक्षता और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता परीक्षण करने की क्षमता को प्रमाणित करती है।
बालको की प्रयोगशाला को आठ भारतीय मानकों (आईएस) के तहत यह मान्यता मिली है। इससे कंपनी की गुणवत्ता जांच और परीक्षण क्षमता को मजबूती मिलेगी। साथ ही एल्युमिनियम उद्योग से जुड़े अन्य हितधारकों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।
इसके अलावा बालको को आठ प्रमुख उत्पाद श्रेणियों के लिए बीआईएस का पुनःप्रमाणीकरण भी प्राप्त हुआ है। इनमें ईसी इंगट्स, अलॉय इंगट्स, प्राइमरी इंगट्स, वायर रॉड्स, एल्युमिनियम अलॉय रॉड्स, रोल्ड शीट्स, रोल्ड कंडक्टर प्लेट्स और सामान्य इंजीनियरिंग उपयोग के लिए रोल्ड प्लेट्स शामिल हैं।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि भारत को वैश्विक विनिर्माण महाशक्ति बनाने में गुणवत्ता, विश्वसनीयता और नवाचार की अहम भूमिका है। प्रयोगशाला को बीआईएस की मान्यता मिलना विश्वस्तरीय तकनीकी क्षमताओं के विकास, उत्पाद उत्कृष्टता और ग्राहकों के विश्वास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता प्रणाली को लगातार मजबूत बनाकर बालको देश के एल्युमिनियम उद्योग के विकास और भारत के औद्योगिक विकास एवं ऊर्जा परिवर्तन के लक्ष्यों में योगदान दे रहा है।
बालको देश के प्रमुख एल्युमिनियम उत्पादकों में शामिल है। कंपनी विद्युतीकरण, परिवहन, ऑटोमोबाइल, निर्माण, इंजीनियरिंग, पैकेजिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों के लिए एल्युमिनियम उत्पाद उपलब्ध कराती है।
कंपनी गुणवत्ता, पर्यावरण, ऊर्जा प्रबंधन और व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के क्षेत्र में भी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मानकों का अनुपालन करती है। इनमें आईएसओ 9001:2015, आईएटीएफ 16949:2016, आईएसओ/आईईसी 17025:2017 (एनएबीएल मान्यता), आईएसओ 14001:2015, आईएसओ 50001:2018 और आईएसओ 45001:2018 शामिल हैं।
बालको ने कहा कि उन्नत परीक्षण सुविधाओं, गुणवत्ता संबंधी बुनियादी ढांचे और प्रक्रियागत उत्कृष्टता में निरंतर निवेश के माध्यम से कंपनी ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर एल्युमिनियम उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।





