Uncategorized

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, जिले में तैयारियां पूरी, टोकन कटना हुआ शुरू

कोरबा। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी, इसके लिए कोरबा जिले में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले की सभी समितियों में मार्कफेड और मिलर्स द्वारा पर्याप्त मात्रा में नए एवं पुराने बारदाने पहुंचा दिए गए हैं। खरीदी के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं भी समितियों में पूरी कर ली गई हैं। विगत वर्षों में अनियमितता या एफआईआर वाले केंद्रों को अति संवेदनशील तथा धान खरीदी, रकबे और पंजीयन में वृद्धि वाले केंद्रों को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। जिले में 3 अति संवेदनशील और 18 संवेदनशील केंद्र हैं। इन केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है।

जिले के सभी 73 उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। वहीं, सभी 60 समितियों में स्थानीय स्तर पर निगरानी समितियों का गठन किया गया है। जिला कमांड एवं कंट्रोल सेंटर स्थापित कर अपर कलेक्टर को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। दूसरे जिलों से धान की आवक रोकने के लिए 9 चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, एक जिला स्तरीय और 12 तहसील स्तरीय फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं।

जिले में धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की जाएगी। किसानों के लिए मंगलवार 10 नवंबर से ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से टोकन कटना शुरू हो गया है। किसान अपनी सुविधानुसार 15 जनवरी 2027 तक किसी भी दिन धान विक्रय के लिए टोकन ले सकेंगे। प्रतिदिन की टोकन मात्रा में से 70 प्रतिशत टोकन ‘तुहर टोकन’ ऐप और 30 प्रतिशत टोकन समिति के माध्यम से काटे जा सकेंगे।

इस वर्ष कृषक उन्नति योजना के तहत पंजीकृत किसानों को धान विक्रय की मात्रा के आधार पर नहीं, बल्कि धान के रकबे के आधार पर आदान सहायता राशि दी जाएगी। किसान धान का विक्रय नहीं करते हैं, तब भी वे इस सहायता राशि के पात्र होंगे। धान विक्रय करने वाले किसानों को अतिरिक्त राशि समर्थन मूल्य की राशि के साथ उनके खाते में अंतरित की जाएगी।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *