दीपका-पाली मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत; एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ घंटों तक चक्काजाम

गांधीनगर के पास अंधेरे में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, सड़क चौड़ीकरण और बिजली-पानी की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
कोरबा। जिले के दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर गांधीनगर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे अंधेरे में खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
इस हादसे के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। दो युवकों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए करीब सात घंटे तक चक्काजाम किया। ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण, नियमित रूप से पानी का छिड़काव और पर्याप्त बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। वहीं, सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और धूल की समस्या के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
करीब सात घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद एसईसीएल अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई। वार्ता में ग्रामीणों की मांगों और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद रात करीब एक बजे एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ जारी चक्काजाम समाप्त किया गया।
इस हादसे ने एक बार फिर दीपका-पाली मार्ग पर कोयला परिवहन व्यवस्था, भारी वाहनों की पार्किंग, सड़क की स्थिति और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि एसईसीएल प्रबंधन इन समस्याओं का स्थायी समाधान करे, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।





