Uncategorized

सहारा निवेशकों के लिए बड़ी राहत: अब ₹50 हजार की सीमा नहीं, पूरी जमा रकम के लिए कर सकेंगे दावा; तीन नए हेल्पलाइन नंबर जारी

कोरबा। सहारा इंडिया में अपनी जमा पूंजी वापस मिलने का इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय ने सहारा रिफंड प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। अब पात्र जमाकर्ता केवल 50 हजार या 10 लाख रुपये तक ही नहीं, बल्कि अपनी पूरी जमा राशि के लिए दावा प्रस्तुत कर सकेंगे। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की है।

मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पहले रिफंड प्रक्रिया के तहत भुगतान की अधिकतम सीमा 50 हजार रुपये निर्धारित थी। अब इस सीमा को हटाते हुए जमाकर्ताओं को किसी भी कुल दावा राशि के लिए आवेदन करने की सुविधा दी गई है। हालांकि, पूरी रकम का दावा करने की अनुमति का मतलब यह नहीं है कि बिना सत्यापन के पूरी राशि मिल जाएगी। रिफंड का भुगतान जमा राशि के प्रमाण, दस्तावेजों की जांच और पात्रता के आधार पर किया जाएगा।

तीन नए हेल्पलाइन नंबर जारी

सहारा रिफंड पोर्टल पर आवेदन करने वाले निवेशकों की सुविधा के लिए मंत्रालय ने तीन नए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। निवेशक इन नंबरों पर संपर्क कर आवेदन से जुड़ी जानकारी और तकनीकी समस्याओं के संबंध में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

हेल्पलाइन नंबर:

  • 011-44716198
  • 011-44716498
  • 011-44716887

9,585 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड

सहकारिता मंत्रालय द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 तक सहारा के जमाकर्ताओं को 9,585 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वापस की जा चुकी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत रिफंड वितरण की समयसीमा 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है।

इन चार समितियों के जमाकर्ता कर सकते हैं आवेदन

सरकार की यह रिफंड प्रक्रिया सहारा समूह की चार सहकारी समितियों के वास्तविक और पात्र जमाकर्ताओं के लिए है। इनमें सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, लखनऊ; सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड, भोपाल; हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, कोलकाता और स्टार्स मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, हैदराबाद शामिल हैं।

ऐसे करें रिफंड के लिए आवेदन

पात्र जमाकर्ता केंद्र सरकार के आधिकारिक सीआरसीएस-सहारा रिफंड पोर्टल https://mocrefund.crcs.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार से जुड़ा सक्रिय मोबाइल नंबर, आधार से लिंक बैंक खाता और जमा राशि से संबंधित प्रमाण एवं जरूरी दस्तावेज होना आवश्यक है।

जिन निवेशकों के पुराने आवेदन में कोई कमी पाई गई है या जिन्हें आवेदन में सुधार के लिए कहा गया है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ आधिकारिक री-सबमिशन पोर्टल https://mocresubmit.crcs.gov.in के माध्यम से दोबारा आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि रिफंड के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। निवेशकों को किसी एजेंट या बिचौलिए को पैसे देने से बचना चाहिए और केवल सरकारी पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करना चाहिए।

Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *