Uncategorized

10 लाख उधारी रकम चुकाने का नहीं था इरादा, शराब में सुहागा मिलाकर पिलाकर की पार्षद और डॉक्टर की हत्या

चेक बाउंस होने के बाद रची हत्या की साजिश, पामगढ़ पुलिस ने शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया की जब्त

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर दो लोगों की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 10 लाख रुपये के उधार और चेक बाउंस होने के विवाद में राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने शराब में सुहागा मिलाकर दो लोगों को पिला दिया। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया भी जब्त की गई है।

शराब पीने के बाद बिगड़ी दोनों की तबीयत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 23 अक्टूबर 2026 की रात की है। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुटराबोड़ स्थित हेलीपैड के पास चखना दुकान में ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे और नेवराबंद निवासी रामखिलावन जांगड़े ने शराब पी थी। शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर के अपोलो और सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

अस्पताल में उपचार के दौरान जोहित खरे ने अपनी बेटी मनीषा खरे को बताया था कि राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने शराब में कुछ मिलाकर उन्हें पिलाया था। इसके बाद मृतक की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

10 लाख रुपये के उधार और चेक बाउंस का विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने जोहित लाल खरे से घरेलू खर्च के लिए 10 लाख रुपये उधार लिए थे। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने 5.5 लाख और 6 लाख रुपये के दो चेक दिए थे, लेकिन बैंक में जमा करने पर दोनों चेक बाउंस हो गए।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन दोपहर करीब 3 बजे जोहित खरे ने फोन कर आरोपी से रुपये वापस मांगे थे। इसी विवाद के चलते आरोपी ने दोनों की हत्या की साजिश रची।

शराब में सुहागा मिलाकर पिलाया

पुलिस पूछताछ में आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने बताया कि उसने अपने साथी मुकेश कश्यप के माध्यम से इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब के क्वार्टर मंगवाए थे। इसके बाद उसने फोन कर जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े को कुटराबोड़ हेलीपैड के पास बुलाया।

पुलिस के अनुसार, दोनों के पहुंचने पर आरोपी ने अपने पास रखी पुड़िया से सुहागा निकालकर शराब में मिला दिया। इसके बाद जहरीली शराब रामखिलावन जांगड़े को पीने के लिए दी। शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

मृतक की बेटी की शिकायत पर पामगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की गई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। मामले में पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर वारदात का दृश्य दोबारा तैयार कर जांच भी कर रही है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *