कोरबा वनमंडल करतला के जंगल में मादा हाथी ने दिया शावक को जन्म, ड्रोन से निगरानी; ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की सलाह
कोरबा। कोरबा वनमंडल के करतला परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सजापानी में आज सुबह एक मादा हाथी ने शावक को जन्म दिया। वन विभाग को इसकी जानकारी सुबह करीब 6 बजे गश्त और हाथी ड्यूटी के दौरान मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग का मैदानी अमला सक्रिय हो गया और हाथियों तथा नवजात शावक की सुरक्षा के लिए निगरानी शुरू कर दी गई।
वन विभाग के अनुसार, करतला परिक्षेत्र के लबेद बीट अंतर्गत सजापानी गांव में हाथी के शावक के जन्म की सूचना मिलने के बाद आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है।
ड्रोन कैमरे से रखी जा रही नजर
नवजात शावक और हाथियों के कुनबे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग द्वारा ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है। विभागीय टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, जंगल की ओर जाने से बचें और विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।


