Uncategorized

कोरबा जिले की 154 किमी सड़कों की होगी मरम्मत, 2.80 करोड़ रुपये स्वीकृत; दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य

कटघोरा, कोरबा और भैसमा उपसंभागों में बीटी पैच कार्य शुरू, कई प्रमुख मार्गों को मिलेगी राहत

कोरबा। तेज बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने जिले में काम शुरू करा दिया है। करीब 154 किलोमीटर लंबाई के विभिन्न मार्गों पर बीटी पैच कार्य कराया जाएगा। इसके लिए विभाग ने कुल 280.05 लाख रुपये यानी करीब 2.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। मरम्मत कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

लोक निर्माण विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद कई कार्यों के कार्यादेश जारी कर काम शुरू करा दिया गया है।

चार उपसंभागों को मिली राशि

सड़क मरम्मत के लिए जिले के चार उपसंभागों में राशि स्वीकृत की गई है। इनमें कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-1 के लिए 50 लाख रुपये, कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-2 के लिए 50.05 लाख रुपये, कोरबा उपसंभाग के लिए 105 लाख रुपये और भैसमा उपसंभाग के लिए 75 लाख रुपये शामिल हैं।

इन प्रमुख मार्गों पर होगा मरम्मत कार्य

विभाग के अनुसार उरगा-चांपा, कोरबा, सीपत-बलौदा-हाटी, रामपुर-बेहरचुआ-नोनबिर्रा और कुदमुरा-श्यांग मार्गों सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। वहीं पाली-दीपका, तिवरता-लिटियाखार, पुरेना-विजयनगर, कटघोरा-सलोरा, पाली बाईपास, चैतमा बाईपास और कटघोरा बाईपास मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य किया जाएगा।

इसके अलावा सुतर्रा-बांकी, बांकी-गजरा, बांकी-भैरोताल, हनुमानगढ़ी पहुंच मार्ग, खैरा डुबान-रामदेई, बक्साही-सीस बाजार, नोनबिर्रा-रतीजा, उड़ता-भाड़कछार, जेमरा-चैतुरगढ़ और नेवसा-जोरहाडबरी मार्गों की भी मरम्मत की जाएगी। राहा-रावा, पसान-पिपरिया-दुल्लापुर, कोरबी-जलके और जलके-पिपरिया मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य कराया जाएगा। बिलासपुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग के छूटे हुए हिस्से में भी मरम्मत की योजना है।

दिसंबर तक सड़कें दुरुस्त करने का लक्ष्य

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण जिले की कई सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनकी मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत कर एजेंसियां तय की गई हैं और कार्य शुरू करा दिया गया है। दिसंबर तक सड़कों को दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भी लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियों को स्वीकृत सड़क कार्य शीघ्र शुरू कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

मरम्मत कार्य पूरा होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों से होने वाली परेशानियों में राहत मिल सकेगी।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *