नेशनल हाईवे-130 पर ट्रक से भिड़ंत के बाद दो टुकड़ों में बंटा पाइलिंग ट्रैक्टर, बाल-बाल बची दोनों चालकों की जान
बरपाली में लूसिया पेट्रोल पंप के आगे आज सुबह करीब 5:30 बजे हुआ हादसा, रायपुर से अंबिकापुर जा रहा था ट्रैक्टर
कोरबा। नेशनल हाईवे-130 पर बरपाली में लूसिया पेट्रोल पंप के आगे आज सुबह करीब 5:30 बजे ट्रक और पाइलिंग ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पाइलिंग ट्रैक्टर दो टुकड़ों में बंट गया। हादसे के दौरान ट्रैक्टर में सवार दोनों चालकों ने कूदकर अपनी जान बचाई।

मिली जानकारी के अनुसार, गड्ढे खोदने के काम में इस्तेमाल होने वाला पाइलिंग ट्रैक्टर रायपुर से अंबिकापुर जा रहा था। इसी दौरान बरपाली में लूसिया पेट्रोल पंप के आगे नेशनल हाईवे-130 पर सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद पाइलिंग ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दो टुकड़ों में बंट गया।
बताया जा रहा है कि पाइलिंग ट्रैक्टर में दो चालक सवार थे। इनमें एक चालक का नाम शिव बामन बताया गया है, जबकि दूसरे चालक का नाम फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दोनों चालकों ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
हादसे में दोनों चालकों को चोट आई है या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है।



