Uncategorized

नवरात्र-दशहरा से पहले कटघोरा में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, शांति भंग करने वालों पर रहेगी नजर

कटघोरा। नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कटघोरा पुलिस ने कमर कस ली है। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया, वहीं असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर के निर्देश पर एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में थाना प्रभारी राजेश तिवारी और पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला। इसकी शुरुआत कटघोरा थाना परिसर से हुई। इसके बाद पुलिस टीम बस स्टैंड, अंबिकापुर रोड, मोहल्लाइन भाटा, पुरानी बस्ती, कारखाना एरिया और तहसील भाटा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी।

फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी राजेश तिवारी, उप निरीक्षक राजेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक निलेन्द्र सिंह सहित पुलिस के जवान शामिल रहे। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।

शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

कटघोरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नवरात्र और दशहरा के दौरान किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि, हुड़दंग या अशांति फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने असामाजिक तत्वों को दो टूक संदेश देते हुए कहा, “कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे।”

आयोजन समितियों को भी दिए गए दिशा-निर्देश

त्योहारों की तैयारियों को लेकर पुलिस पहले ही नवरात्र आयोजन समितियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे चुकी है। समितियों से निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है। पुलिस और प्रशासन ने कहा है कि त्योहारों को परंपरा, सौहार्द और गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी को नियमों का पालन करना होगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *