बालकोनगर थाने में हंगामा, महिला आरक्षक से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने वाली महिला गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजी गई

कोरबा। बालकोनगर थाना परिसर में हंगामा कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट कर उसे चोट पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ईश्वरी राज, पति विनोद कुमार मरावी, ने 9 अक्टूबर 2026 को थाना बालकोनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने सहकर्मियों के साथ थाने में शासकीय कार्य कर रही थीं। इसी दौरान शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक बच्ची को टक्कर मारने के मामले में अजय यादव को थाने लाया गया था।
थाने पहुंचकर हंगामा करने और आरक्षक से मारपीट का आरोप
रिपोर्ट के मुताबिक, अजय यादव की मां रानी यादव थाना पहुंची और विवाद करते हुए पुलिसकर्मियों के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने लगी। आरोप है कि समझाइश देने के बावजूद महिला नहीं मानी और पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट कर दी, जिससे आरक्षक के हाथ में चोट आई। इस घटना से थाना परिसर में शासकीय कार्य प्रभावित हुआ।
अपराध दर्ज कर महिला को किया गिरफ्तार
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना बालकोनगर में अपराध क्रमांक 600/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 132, 121(1) और 221 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 10 अक्टूबर 2026 को आरोपी रानी यादव को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय के आदेश पर जेल भेजी गई आरोपी
गिरफ्तारी के बाद महिला को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से न्यायिक रिमांड मिलने पर उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और कानून हाथ में लेने जैसी गतिविधियों से बचें। ऐसे कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।


