Uncategorized

कोरबा में 53 हाथियों के झुंड का आतंक, तेलियामार स्कूल हॉस्टल की बाउंड्री तोड़ी; 160 बच्चे दहशत में

धान की तैयार फसल और मकानों को भी नुकसान, 10 गांवों में अलर्ट जारी

कोरबा। जिले के पसान वन परिक्षेत्र में 53 हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार देर रात हाथियों का झुंड तेलियामार गांव पहुंच गया। यहां हाथियों ने दीपक मिशन स्कूल के हॉस्टल की बाउंड्री तोड़ दी, जिससे हॉस्टल में रह रहे 160 बच्चों में दहशत फैल गई। हाथियों ने स्कूल परिसर के बगीचे को भी नुकसान पहुंचाया। वहीं, खेतों में तैयार धान की फसल रौंदे जाने और मकानों को नुकसान पहुंचने की खबर है।

हाथियों की चिंघाड़ से गांव में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने से किसानों में नाराजगी है। ग्रामीणों को अपनी जान-माल और फसलों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

10 गांवों में मुनादी कर जारी किया गया अलर्ट

वन विभाग के मुताबिक, कटघोरा वन मंडल में कुल 57 हाथियों की मौजूदगी है। इनमें से करीब 53 हाथियों का झुंड पसान क्षेत्र में विचरण कर रहा है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष दल और गाड़ियां तैनात की गई हैं। क्षेत्र के 10 गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सूचना दी गई है। इसके अलावा मोबाइल पर गज संकेत ऐप के माध्यम से भी लोगों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी देकर सावधान किया जा रहा है।

हॉस्टल तक पहुंचे हाथियों को जंगल की ओर भेजा

वन विभाग का कहना है कि तेलियामार गांव में स्कूल हॉस्टल तक पहुंचे हाथियों को हाथी मित्र दल, ग्रामीणों और वन अमले की मदद से सुरक्षित जंगल की ओर वापस भेज दिया गया। हालांकि, क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों की चिंता बनी हुई है।

अब वन विभाग के सामने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही मानव-हाथी संघर्ष को रोकने की चुनौती है। वहीं, किसानों को फसल और मकानों को हुए नुकसान की भरपाई की उम्मीद है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *