Uncategorized

कटघोरा में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, जलकर हुई खाक; चालक ने कूदकर बचाई जान

कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार को मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के पास चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी से धुआं निकलता देख चालक ने तत्काल वाहन रोका और दूर भाग गया। कुछ ही देर में स्कूटी आग की लपटों से घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना में चालक को कोई नुकसान नहीं हुआ। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक मुख्य मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते उसमें आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन रोका और उससे दूर चला गया। उसकी सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सड़क से गुजरने वाले वाहन भी रुक गए। कुछ लोगों ने स्कूटी में लगी आग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम, दमकल वाहन और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

नंबर प्लेट जलने से वाहन मालिक की पहचान में परेशानी

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि स्कूटी में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आग से स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी और उसकी नंबर प्लेट भी दिखाई नहीं दे रही थी। इस कारण वाहन मालिक का पता लगाने में परेशानी हो रही है। चालक भी वाहन छोड़कर जा चुका था। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने स्कूटी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *