कोरबा में गांजा बेचते आरोपी गिरफ्तार, 305 ग्राम गांजा जब्त; सेवन करने वाला युवक भी पकड़ाया
कोरबा। जिले में अपराधों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 305 ग्राम गांजा बरामद किया है। वहीं, सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन के मामले में भी एक युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में 10 अक्टूबर 2026 को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राताखार अटल आवास निवासी राजू केसरी (25 वर्ष), पिता भीम बहादुर केसरी, अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को गांजा बेचते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से गवाहों के समक्ष 305 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 830/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) में कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
गांजा सेवन के मामले में भी कार्रवाई
एक अन्य मामले में कोरबा के पानी टंकी नर्सरी मोहल्ला निवासी शंकर दास (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामकुमार, के पास से सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन के मामले में 5 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटी गिरफ्तार
इसके अतिरिक्त कोरबा पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
कोरबा पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।


