छत्तीसगढ़

नवनिर्वाचित विधायकों की पत्रकारवार्ता: लखनलाल बोले-बगैर भेदभाव होगा कार्य, घोषणा पत्र में किए गए वायदे का होगा शत प्रतिशत क्रियान्वयन, प्रेमचंद बोले-कटघोरा को जिला बनाने का होगा प्रयास, बलपूर्वक नगर में कब्जा कर किए गए निर्माण पर चलेगा बुलडोजर

कोरबा। विधानसभा चुनाव में कोरबा व कटघोरा जैसी महत्वपूर्ण सीट पर जीत दर्ज करते नवनिर्वाचित विधायक बनने के बाद विधायक द्वय लखनलाल देवांगन व प्रेमचंद पटेल ने पहली बार पत्रकारवार्ता ली। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में सर्वप्रथम जिलाध्यक्ष डॉ.राजीव सिंह ने कहा कि भाजपा के दो विधायक चुनाव में जीत दर्ज करने में सफल हुए हैं इसका श्रेय कार्यकर्ताओं सहित आम लोगों को है।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए शहर विधायक लखन लाल देवांगन ने दोहराया कि चुनाव में जीत दर्ज हो चुकी है। अब उनका पूरा ध्यान शहर के विकास के लिए लगेगा, घोषणा पत्र में जा वायदे किए गए हैं उसका शत प्रतिशत क्रियान्वयन करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। मसलन राखड़, जाम की स्थिति, सड़को का निर्माण पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की जनता ने धन बल को परास्त करते हुए जनबल का सहयोग किया। इसी तरह कांग्रेसियों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम की ओर भी ध्यान नहीं दिया इस वजह से विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र से उन्हें भरपूर समर्थन मिला जिसके लिए सभी का आभार है।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने पत्रकारों से  कटघोरा क्षेत्र की जनता जर्नादन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कटघोरा शहर में काफी मात्रा में जमीन पर अतिक्रमण हुआ है। इसे लेकर आगामी दिनों तोड़-फोड़ का अभियान चलते हुए बुलडोजर चलाया जाएगा। इसी तरह क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के त्वरित निर्माण के लिए एसईसीएल के अधिकारियों से मुलाकात कर कार्य योजना बनायी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि कटघोरा को जिला बनाने की दिशा में पूरजोर प्रयास होगा। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर सहित वरिष्ठ भाजपा नेता जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, गोपाल मोदी, हितानंद अग्रवाल, नरेन्द्र देवांगन, प्रफुल्ल तिवारी, आरिफ खान, अजय विश्वकर्मा सहित सहित सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संगठन से कभी नहीं मांगा पद, हाईकमान का निर्णय सर्वोपरी

पत्रकारों द्वारा कोरबा में विधायक के बदले विधायक और मंत्री के बदले मंत्री पद के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने सदैव संगठन के लिए काम किया है। न कभी टिकट मांगा और न कभी पद, फिर भी बिना मांगे पार्षद, महापौर व विधायक के लिए टिकट मिल गया और हाईकमान से पूर्व में महत्वपूर्ण की जिम्मेदारी भी। इस बार भी जो हाईकमान का निर्णय होगा वह मेरे लिए सर्वोपरी होगा।