सीएम भूपेश बघेल ने ED को लिखा पत्र, कहा-रमन सिंह के इशारे पर ACB ने नान घाेटाले के आरोपियों को बचाया
राज्य में ईडी के जांच-पड़ताल के बीच नागरिक आपूर्ति निगम-नान घोटाले का जिन्न अाया बाहर, रमन सिंह ने ट्वीट कर जबाव दिया- कब तक गुलाटी मारते रहोगे

छत्तीसगढ़। राज्य में एक ओर काेयला ट्रांसपाेर्टिंग से जुड़े मामले में गड़बड़झाला काे लेकर ईडी की जांच चल रही है। कई अधिकारी ईडी के रडाॅर पर है। इस बीच नागरिक आपूर्ति निगम-नान घोटाले का जिन्न फिर से एक बार बाहर आ गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ED को पत्र लिखकर नान घाेटाले में जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि वर्ष 2004 से 2015 के बीच हुए इस घोटाले में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के इशारे पर एसीबी के अधिकारियों ने आरोपियों को बचा लिया था। जिनके पास से मिले दस्तावेजों में सीएम सर और सीएम मैडम को पैसा देने की बात दर्ज है, लेकिन उसको चार्जशीट में शामिल तक नहीं किया गया।

15 दिन में जांच नहीं तो पहुंचेंगे न्यायालय
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, अगर इस पत्र के 15 दिन बाद भी ED ने नान घाेटाले में जांच शुरू नहीं की तो न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी। इस मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ED को पहले भी एक पत्र लिख चुके हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री का पलटवार, कब तक गुलाटी माराेगे
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पत्र पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी आखिर कब तक मुद्दों से पलट कर गुलाटी मारते रहोगे। जब भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्यवाही हो तब तो ED की विश्वसनीयता पर प्रश्न उठाने लगते हो। आज उसी ED को पत्र लिखकर नान-चिटफंड की जांच का आग्रह कर रहे हो।
