कोरबा

सड़क पर लाेगाें की बचानी है जान, चलेगा यातायात पुलिस का महाअभियान, नियमाें का पालन नहीं करने वालाें पर हाेगी कार्यवाही

साेमवार से शहर के चाैक-चाैराहाें के अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग, राजमार्ग और ग्रामीण सड़कों पर हुई ताबड़ताेड़ चेकिंग-कार्यवाही, यातायात नियमाें का पालन करें, दस्तावेज साथ में ही रखें

कोरबा। जिले की सड़क पर इस साल वर्ष 2022 में अब तक रिकार्ड करीब 246 लोंगो की मृत्यु हो चुकी है। वहीं 519 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना का प्रमुख कारण लापरवाही पूर्वक वाहन चलाना एवं यातायात नियमों का पालन नहीं करना है। इसलिए सड़क पर लाेगाें की जान की सुरक्षा के लिए साेमवार से यातायात पुलिस ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही करेगी। यह कार्यवाही कोरबा शहर के प्रमुख चौक चौराहों के अलावा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग, राजमार्ग और ग्रामीण सड़कों पर होगी।

यातायात उप पुलिस अधीक्षक शिवचरण सिंह परिहार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मरने वालों में 90 प्रतिशत लोग दोपहिया वाहन चालक है। इनमें से किसी ने भी वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहना था। वहीं ज्यादातर वाहन अाेवर स्पीड में चल रहे थे। इसलिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह के मंशानुरूप सड़क दुर्घटना के नियंत्रण एवं यातायाता नियमों के पालन करवाने के लिए सोमवार दिनांक 28 दिसंबर से यातायात पुलिस विशेष चेकिंग अभियान चलाएगी। चेकिंग के दौरान हेलमेट नहीं पहनने वालों पर कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा नाबालिग वाहन चालक, तीन सवारी, वाहनों के दस्तावेज नहीं रखने वाले, ध्वनी और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर भी कार्यवाही होगी।

नियमाें का पूर्ण पालन करें, दस्तावेज साथ रखें

शहर के टीपी नगर चौक, सीएसबी चौक, सीतामढी, सुभाष चौक, सर्वमंगला, उरगा चौक, गोपालपुर, कटघोरा-अम्बिकापुर मार्ग, उरगा हाटी मार्ग इत्यादि पॉइंट पर चेकिंग की जाएगी। यातायात पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि चेकिंग के दौरान असुविधा से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करें एवं जरूरी दस्तावेज साथ मे रखें।