Uncategorized

ब्रेकिंग न्यूज: ढेलवाडीह में पति ने की गैंती से हमला कर पत्नी की हत्या, घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने 2 घंटे के भीतर पकड़ा

कोरबा/कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ढेलवाडीह स्थित गायत्री मोहल्ला में बीती रात करीब 9:30 बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां पति ने अपनी पत्नी पर गैंती से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
मृतका का नाम रैना यादव बताया गया है। ढेलवाडीह रैना का मायका है, जबकि उसका पति तुलसी यादव, पिता राजकुमार यादव वहां घर जमाई बनकर रह रहा था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर तुलसी यादव ने घर में रखी गैंती से पत्नी रैना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रैना को परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी तुलसी यादव मौके से भागकर अपने गांव चला गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी की तत्परता से पुलिस टीम सक्रिय हुई। रात करीब 11:30 बजे आरक्षक रमेश कश्यप ने आरोपी तुलसी यादव को उसके गांव से धर दबोचा। वहीं पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *