एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान: बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की मजबूत पहल

कोरबा। जिले में किशोरियों और महिलाओं को गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में यह अभियान जिलेभर में संचालित हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 से स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सह संबद्ध चिकित्सालय कोरबा सहित रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटघोरा, पाली, करतला और पोंड़ी उपरोड़ा के स्वास्थ्य केंद्रों में यह टीकाकरण निःशुल्क किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केशरी ने बताया कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकीं लेकिन 15 वर्ष का जन्मदिन न मना चुकी किशोरियां इस वैक्सीनेशन के लिए पात्र हैं। यह टीका गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव में बेहद कारगर माना जाता है, जो महिलाओं में कैंसर से होने वाली मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है।
उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आए हैं। समय पर टीकाकरण कराने से भविष्य में कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह टीका राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
टीकाकरण के बाद लाभार्थियों का पंजीयन यू-विन पोर्टल पर किया जा रहा है और उन्हें डिजिटल प्रमाणपत्र भी दिया जा रहा है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत और डॉ. एस.एन. केशरी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और स्वस्थ बन सके।


