भारत को जानो प्रतियोगिता 31 अगस्त को

कोरबा शाखा ने रचा राष्ट्रीय कीर्तिमान, 200 से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थी होंगे शामिल
कोरबा। भारत विकास परिषद, दिल्ली मुख्यालय द्वारा आयोजित “भारत को जानो” अखिल भारतीय लिखित परीक्षा का आयोजन 31 अगस्त को किया जाएगा। पहली बार यह परीक्षा पूरे देश में एक साथ आयोजित होने जा रही है। कोरबा शाखा द्वारा परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय मुख्यालय के निर्देशानुसार 31 अगस्त को सुबह 11 बजे परीक्षा प्रारंभ होगी। परीक्षार्थियों को 45 मिनट में 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।
इस वर्ष कोरबा शाखा ने “भारत को जानो” प्रतियोगिता के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य (संस्कार) धर्मेंद्र कुमार कुदेसिया के कुशल नेतृत्व में, क्षेत्रीय संयोजक सेवा महेश गुप्ता एवं कोरबा शाखा संस्कार संयोजक विष्णु शंकर मिश्रा के अथक प्रयासों से 200 से अधिक विद्यालयों में संपर्क किया गया। इनमें से लगभग सभी विद्यालयों के विद्यार्थी इस परीक्षा में भाग ले रहे हैं।

यह प्रतियोगिता “भारत को जानो” पुस्तक पर आधारित है। विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की तैयारी के लिए इस वर्ष कोरबा शाखा द्वारा लगभग 2500 पुस्तकों का वितरण किया गया है।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, देश की सुप्रसिद्ध विभूतियों, धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्रीय विरासत से परिचित कराना है। इसके माध्यम से बच्चों में देश के प्रति ज्ञान, गौरव और संस्कार की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कोरबा शाखा अध्यक्ष कमलेश यादव ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
