Uncategorized

ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर पहुंची शातिर महिलाएं और पार कर दिया 4.5 लाख के जेवर, पुलिस जांच में जुटी

ग्राहक बनकर आईं तीन महिलाओं ने चेन-लॉकेट उड़ाए, CCTV में कैद हुई वारदात

कोरबा।शहर के पॉश निहारिका क्षेत्र में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गहने देखने के बहाने पहुंची तीन महिलाओं ने सुनियोजित तरीके से करीब साढ़े चार लाख रुपए के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गईं। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत निहारिका मुख्य मार्ग स्थित दिव्या ज्वेलर्स में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं। उन्होंने पहले लॉकेट और फिर चेन देखने की बात कही। दुकान के कर्मचारियों ने उन्हें सामान्य ग्राहक समझकर अलग-अलग डिजाइन के गहने दिखाए।
इसी दौरान महिलाओं ने बड़ी चालाकी से दो सोने की चेन और दो लॉकेट छुपा लिए। कुछ देर बाद गहने पसंद नहीं आने की बात कहकर तीनों दुकान से बाहर निकल गईं।
दुकान संचालक अखिल कुमार देवांगन के अनुसार, महिलाओं के जाने के करीब पांच मिनट बाद संदेह होने पर गहनों की जांच की गई, तब चोरी का पता चला। जब तक वे बाहर पहुंचे, आरोपी महिलाएं फरार हो चुकी थीं।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं, जिसमें वे गहने छुपाते हुए दिखाई दे रही हैं। चोरी किए गए गहनों का कुल वजन करीब 28 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग साढ़े 4 लाख रुपए आंकी गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि तीन महिलाओं द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। फुटेज के आधार पर जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर महिलाएं पेशेवर लग रही हैं और बाहरी गिरोह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *