सीएसईबी चौक में 32.30 लाख से 2 प्रतीक्षा शेड का भूमिपूजन, चौक-चौराहों पर मिलेंगी धूप-बारिश से राहत

कोरबा।शहर के चौक-चौराहों में ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले नागरिकों और वाहन चालकों को अब तेज धूप और बारिश में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। नगर पालिक निगम द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों में प्रतीक्षा शेड बनाए जाने की योजना शुरू की गई है।
रविवार को उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सीएसईबी चौक में 32 लाख 30 हजार रुपये की लागत से बनने वाले 2 प्रतीक्षा शेड का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।

शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों में सिग्नल लगाए गए हैं, जहां लाल सिग्नल होने पर लोगों को रुकना पड़ता है। ऐसे में गर्मी और बारिश के दौरान होने वाली परेशानी को देखते हुए यह पहल की गई है। पहले चरण में सीएसईबी चौक पर 2 शेड बनाए जाएंगे, इसके बाद अन्य प्रमुख स्थानों पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रतीक्षा शेड बनने से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों के डामरीकरण और नवीनीकरण के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन ईरान-इजरायल युद्ध के कारण डामर की कमी से कार्य प्रभावित हो रहा है। उपलब्धता होते ही तेजी से कार्य पूरा किया जाएगा।
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि यह योजना आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है। सीएसईबी चौक में आधुनिक शौचालय और वातानुकूलित प्रतीक्षालय का निर्माण भी किया जाएगा।
इसके अलावा सुभाष ब्लॉक जैतखंभ के पास सतनामी समाज के लिए 15 लाख रुपये तथा हेलीपेड के पास किन्नर समाज के लिए 10 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। मंत्री ने बताया कि कोरबा में अधिकांश समाजों के लिए उनके अपने भवन उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


