गोपालपुर में 27 एकड़ में बनेगा औद्योगिक क्षेत्र, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया भूमिपूजन
कोरबा।कोरबा जिले के दर्री तहसील अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र के अधोसंरचना विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
लगभग 10.900 हेक्टेयर (27 एकड़) भूमि पर 10.59 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह औद्योगिक क्षेत्र जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर निवेश और रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि यह केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि कोरबा के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1980 के बाद जिले में नए औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जा रहा है, जो गर्व का विषय है। राज्य में नई औद्योगिक नीति के तहत उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है।
साथ ही, सिंगल विंडो सिस्टम एवं ऑनलाइन भूमि आवंटन से पारदर्शिता बढ़ी है और निवेशकों को सुविधा मिल रही है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों को मात्र 1 रुपये में भूमि उपलब्ध कराने का प्रावधान भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के विजन के अनुरूप राज्य में “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” और “विकसित कोरबा 2047” की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद्र पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, कलेक्टर कुणाल दुदावत, एमडी सीएसआईडीसी विश्वेश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने बताया कि गोपालपुर औद्योगिक क्षेत्र में 44 औद्योगिक इकाइयों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
कटघोरा विधायक श्री पटेल ने इसे जिले के विकास का ऐतिहासिक कदम बताया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि यह परियोजना न केवल औद्योगिक गतिविधियों को गति देगी, बल्कि युवाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने आईआईएम रायपुर द्वारा संचालित उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी जानकारी दी।
27 एकड़ में विकसित होगा नया औद्योगिक क्षेत्र
10.59 करोड़ रुपये की लागत
44 औद्योगिक इकाइयों को मिलेगा स्थान
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
सिंगल विंडो सिस्टम से उद्योग स्थापना आसान


