देवपहरी में श्रीराम नवमी पर भगवा ध्वज वितरण, वनांचल तक पहुंची आस्था की ज्योति

देवपहरी।श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर एकल अभियान देवपहरी द्वारा सुदूर वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में धार्मिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। इस दौरान गांव-गांव में आस्था का संदेश पहुंचाने के लिए भगवा ध्वज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी राजीव चंदेल (ग्राम गुमगा निवासी), जो परसा कंपनी में कार्यरत हैं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं, ने भगवा ध्वज उपलब्ध कराकर महत्वपूर्ण सहयोग दिया। उल्लेखनीय है कि व्हाट्सएप के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में ध्वज वितरण के लिए सहयोग की अपील की गई थी, जिस पर उन्होंने तत्परता से सहयोग करते हुए ध्वज प्रदान किए। उनके इस योगदान के लिए एकल अभियान देवपहरी द्वारा आभार एवं साधुवाद व्यक्त किया गया।

आज देवपहरी में आयोजित मासिक बैठक के दौरान संच समिति के सदस्यों द्वारा आचार्यों को भगवा ध्वज वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य गांव-गांव में शोभायात्रा निकालकर ध्वज के साथ श्रीराम नवमी पर्व को भव्य रूप से मनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में अंचल कोरबा से अंचल गतिविधि प्रमुख रूपलाल सोरठे की विशेष उपस्थिति रही, जिनकी मौजूदगी ने आयोजन को और गरिमामय बना दिया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि वनांचल क्षेत्रों में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता को भी सशक्त संदेश देने में सफल रहा।


