ढपढप कथा स्थल के पास झाड़ियों में लगी आग, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा; भीड़ में महिला का सोने का हार पार
कोरबा। कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढपढप में आयोजित श्री हनुमंत कथा के दौरान रविवार को कथा स्थल से कुछ दूरी पर स्थित बांसबाड़ी में अचानक आग लग गई। तेज गर्मी के चलते लगी आग देखते ही देखते विकराल रूप लेने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पानी के टैंकर व बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ संदीप सिंह के साथ आरआई अनंत राम पैकरा भी मौके पर मौजूद रहे और आग बुझाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिला पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड पर है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

वहीं, कथा स्थल पर उमड़ रही भारी भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व भी सक्रिय हो गए हैं। बांकीमोंगरा निवासी अमिता पंडित अपने पड़ोसियों के साथ कथा सुनने पहुंची थीं। पंडाल से बाहर निकलते समय भीड़ के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने का हार पार कर दिया, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।



