Uncategorized

कोरबा में रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, मौत के कारणों की जांच जारी

कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत उरांव बस्ती के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे लोगों ने शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह रेलवे ट्रैक पर काम करने वाले मजदूरों ने युवक को एक पैर के ऊपर पैर रखकर सोते हुए देखा था। पास में पानी की बोतल भी रखी थी, जिससे लोगों को लगा कि वह आराम कर रहा है।
हालांकि, काफी देर बाद जब लोगों को संदेह हुआ और वे पास पहुंचे, तो युवक की सांसें बंद हो चुकी थीं। उसके नाक से झाग निकलता देख मामला गंभीर प्रतीत हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि युवक पिछले कुछ दिनों से आसपास के क्षेत्र में घूमता हुआ देखा गया था।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और संभवतः भूख या अन्य कारणों से उसकी मौत हुई है। वहीं, यह भी बताया गया कि कोरबा अंतिम रेलवे स्टेशन होने के कारण कई बार मानसिक रोगियों को ट्रेन में बैठा दिया जाता है, जिससे वे यहां पहुंच जाते हैं और जिले में उनकी संख्या बढ़ती जा रही है।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम द्वारा जांच की जा रही है। युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *