सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान में पुलिस की कार्रवाई, गांजा के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, 50 वाहन चालकों पर कार्रवाई

कोरबा। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं सघन वाहन चेकिंग अभियान में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 50 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इमली डुग्गू रेलवे कॉलोनी के पास एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से गांजा बेचने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर अश्वनी यादव (38 वर्ष) निवासी इमली डुग्गू रेलवे कॉलोनी को गांजा के साथ पकड़ा। आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ गांजा जप्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इसके साथ ही कोतवाली पुलिस द्वारा गौ माता चौक के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 50 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। वहीं शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए दो वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



