फर्जी पुलिस कर्मी बनकर लापता बहन का पता लगाने भाई ने संदेही के सहकर्मी को धमकाया-चमकाया, युवक ने लगा ली फांसी…. वायरल वीडियो पर एसपी विजय पांडेय ने कराई जांच तो हुआ खुलासा
पुलिस के नाम पर फोन कर गाली-गलौज, तनाव में युवक ने किया सुसाइड… एसपी की जांच में खुला राज
कोरबा/जांजगीर-चांपा। उरगा थाना क्षेत्र में गैरेज मिस्त्री की आत्महत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जहां पंतोरा चौकी पुलिस पर गाली-गलौज कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया था, वहीं जांच में मामला इसके उलट निकला। जांजगीर-चांपा जिले के एसपी विजय कुमार पांडेय (IPS) की तत्परता से की गई जांच में सामने आया कि युवक को पुलिस नहीं बल्कि युवती के भाई ने पुलिस बनकर फोन कर धमकाया था, जिससे तनाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली।

जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के चोरभट्टी निवासी 25 वर्षीय सनत कुमार कश्यप उरगा स्थित एक वाहन शोरूम में गैरेज मिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे शोरूम के भीतर ही उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सहकर्मियों ने इसकी सूचना शोरूम संचालक और उरगा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
इसी बीच सोशल मीडिया पर सनत कश्यप का आत्महत्या से पहले बनाया गया वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में वह पंतोरा चौकी पुलिस पर फोन कर गाली-गलौज करने और थाने बुलाकर परेशान करने का आरोप लगाते हुए नजर आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय ने स्वयं जांच कराई।
जांच में पता चला कि कोरबा के गेवरा बस्ती निवासी एक युवती 12 मार्च को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। तलाश करने पर पता चला कि वह धीरेन्द्र पाटले के साथ चली गई है। इसके बाद युवती के भाई ने धीरेन्द्र पाटले के दोस्त सनत कश्यप को डराने के लिए अपने एक रिश्तेदार के मोबाइल से फोन कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताया और गाली-गलौज करते हुए थाने आने के लिए धमकाया।
पुलिस के नाम से मिली धमकी से सनत कश्यप काफी तनाव में आ गया। उसने मोबाइल पर वीडियो बनाकर अपनी परेशानी बताई और बाद में उरगा क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की जांच के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ बलौदा थाना में अपराध क्रमांक 113/26 के तहत धारा 204 बीएनएस (क्षद्म प्रतिरूपण) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं आरोपी की बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना में दर्ज है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है।



